September 12, 2026
थलीसैंण स्वास्थ्य शिविर में 768 लोगों की जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया निःशुल्क उपचार
Latest देहरादून न्यूज

थलीसैंण स्वास्थ्य शिविर में 768 लोगों की जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया निःशुल्क उपचार

थलीसैंण: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थलीसैंण में आयोजित तीन दिवसीय बहु विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन 254 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के संकल्प के तहत आयोजित इस शिविर में क्षेत्रवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। तीन दिनों में कुल 768 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जनरल मेडिसिन के 329, हड्डी रोग के 196, नेत्र रोग के 121, स्त्री रोग के 31 और ईएनटी के 45 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। इसके अलावा 118 लोगों की रक्त जांच, 257 की एनसीडी स्क्रीनिंग, 43 लोगों के टीबी एक्स-रे और 20 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। शिविर में पांच दिव्यांग प्रमाण पत्र और छह आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि 12 से 14 अगस्त तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में निःशुल्क बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशबू खत्री, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. अगमकांत, डॉ. मोहित, डॉ. समीक्षा, डॉ. जयशंकर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नीतू, एएनएम श्वेता, विनीता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *