रामनगर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामनगर में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर मंगलवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ढिकुली, लखनपुर चुंगी, मेन मार्केट और तहसील लाइन क्षेत्र में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री करने वाले करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने दूध, दही, पनीर, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा मानकों और लेबलिंग की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुल 6 खाद्य नमूने लिए गए। इनमें 2 पनीर, 1 दूध, 1 देशी घी, 1 दही और 1 स्वीट कन्डेन्स्ड मिल्क का नमूना शामिल है। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड की ओर से 7 अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन की भी जांच की गई। आदेश के तहत ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग या गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर रोक लगाई गई है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का भ्रम पैदा करते हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और अमानकीकृत एवं भ्रामक डेयरी उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करना है। रक्षाबंधन पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों से भी खाद्य सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
