नैनीताल: कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में ₹5 करोड़ से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम के निर्माण विंग की ओर से बताया गया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें से 48 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। जनपदवार समीक्षा में ऊधम सिंह नगर में 7, चंपावत में 15, नैनीताल में 7, अल्मोड़ा में 6, बागेश्वर में 1 और पिथौरागढ़ में 5 निर्माण कार्य प्रगति पर बताए गए।
दीपक रावत ने परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि या अन्य किसी प्रकार की बाधा होने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उसका प्राथमिकता से समाधान किया जाए।

समीक्षा के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल के विस्तारीकरण, काठगोदाम बस टर्मिनल, रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग, टनकपुर आईएसबीटी, फायर स्टेशन, इंजीनियरिंग कॉलेज टनकपुर, पिथौरागढ़ बेस चिकित्सालय और विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
आयुक्त ने सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और परियोजना प्रबंधक मौजूद रहे।
