पौड़ी। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत 21 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली चौपाल की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को चौपाल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल में उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उद्यम स्थापना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चौपाल में योजनाओं से संबंधित पर्याप्त प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध रहे और प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए 21 अगस्त को जिला मुख्यालय से आईईसी वैन रवाना की जाएगी।
यह वैन आठ दिनों तक जिले की निर्धारित न्याय पंचायतों में पहुंचकर उद्यम स्थापना, स्वरोजगार और उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। अभियान के पहले दिन पौड़ी की ल्वाली, काण्डाधार तथा कोट की कोट और पोखरी न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी।

दूसरे दिन खिर्सू की देवलगढ़ और पोखरी तथा पाबौ की पीपली, पाबौ और सैंजी न्याय पंचायतों में प्रचार किया जाएगा। तीसरे दिन थलीसैंण की पैठाणी, बगेली और बूँगीधार तथा बीरोंखाल की कोटा और ग्वीन न्याय पंचायतों को शामिल किया गया है।
चौथे दिन एकेश्वर की रिंगवाड़ी, स्योली और बमोली तथा पोखड़ा की देवराड़ी देवी और सेड़ियाखाल न्याय पंचायतों में आईईसी वैन पहुंचेगी। पांचवें दिन कल्जीखाल की दिवाई, सांगुड़ा और नगर तथा रिखणीखाल की ढाबखाल और ढोटियाल न्याय पंचायतों में अभियान चलाया जाएगा।
छठवें दिन नैनीडांडा की भौंन, कसाणा और उमटा तथा जयहरीखाल की खैरासैंण और दुधारखाल न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी। सातवें दिन द्वारीखाल की ठंठोली और सिराई तथा यमकेश्वर की बड़सूण और बड़ोलबड़ी न्याय पंचायतों को कवर किया जाएगा।
अभियान के आठवें और अंतिम दिन दुगड्डा की उतिर्छा, फरसुला और उमथगांव के साथ ही कोटद्वार न्याय पंचायत में आईईसी वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में इन्क्यूबेशन मैनेजर तनुज पुंडीर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी के.के. जोशी, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, सहायक डीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
