हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR-2026) के तहत सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की।
बैठक में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित निर्वाचक नामावली के नोटिस वितरण तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस वितरण, सुनवाई और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। दावे-आपत्तियों और नोटिसों पर सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।

6.93 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
जनपद नैनीताल की प्रारूप निर्वाचक नामावली में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में कुल 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 69,318 मतदाताओं के नोटिस पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की भी पहचान की गई है। नैनीताल जिले में करीब 1,88,054 मामले Anomaly तथा 47,031 मामले No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की कार्रवाई की जा रही है।
फॉर्म-6, 7 और 8 के तहत भी प्राप्त हुए आवेदन
बैठक में बताया गया कि अब तक फॉर्म-6 के 12,450, फॉर्म-7 के 11,599 और फॉर्म-8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन दावों और आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका निस्तारण किया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है या नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेई सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें बसपा से हरीश सिनौली और संजू, कांग्रेस से मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट और प्रकाश पटवाल तथा भाजपा से आनंद सिंह और मनीष पाल सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।
