पौड़ी: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों पर एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, POCSO अधिनियम, साइबर सुरक्षा तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विनीता चौधरी ने बच्चों को कानूनी अधिकारों और विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बाल यौन शोषण से बचाव, आपातकालीन सहायता और वैधानिक दत्तक ग्रहण की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, कानूनी संरक्षण और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना था। इस अवसर पर प्रधानाचार्य हरेन्द्र सिंह, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, बाल कल्याण समिति सदस्य सुनीता भट्ट, केस वर्कर धर्मेंद्र सिंह तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
