पौड़ी गढ़वाल: मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत पंचाली क्षेत्र में विभिन्न कृषकों के फल उद्यान एवं कीवी फार्म का निरीक्षण कर उत्पादन बढ़ाने और विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसानों को प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम सभा साकनी बड़ी में कृषक रतन सिंह असवाल के लगभग 6 हेक्टेयर में स्थापित फल उद्यान का अवलोकन किया तथा पौधों के रखरखाव, फल उत्पादन और उद्यान प्रबंधन की जानकारी ली। इसके बाद ग्राम नैथाना में कृषक राकेश नैथानी के 5 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित कीवी फार्म का निरीक्षण कर आधुनिक तकनीक, उत्पादन और विपणन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की।
मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों को कृषि विभाग की अनुदान, तकनीकी सहायता और अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता के अनुसार अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान न्याय पंचायत प्रभारी भगवती प्रसाद थपलियाल, सुभाष रावत, अजय रावत, राकेश नैथानी, मोहित नैथानी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
