देहरादून: उत्तराखण्ड सरकार प्रदेश की विकास योजनाओं में सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और युवा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं को समान प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की, जिनमें अयोध्या धाम में उत्तराखण्ड राज्य अतिथि गृह और रुद्रपुर के मोदी मैदान में इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रमुख रहे।
बैठक में बताया गया कि अयोध्या धाम में लगभग ₹67.83 करोड़ की लागत से उत्तराखण्ड का भव्य राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। वहीं रुद्रपुर में ₹23.32 करोड़ की संशोधित लागत से आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
अयोध्या में दिखेगी उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान
प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह को पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया जाएगा। भवन के विभिन्न तल उत्तराखण्ड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों पर आधारित होंगे, जिनमें ओम पर्वत, पंचाचूली, ग्लेशियर और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क जैसी थीम शामिल रहेंगी। सरकार ने मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाकर भवन को पूरी तरह अतिथि गृह के मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
रुद्रपुर में युवाओं को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इंडोर परिसर में बैडमिंटन, टेबल टेनिस और जिम, जबकि आउटडोर क्षेत्र में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस और पिकलबॉल की सुविधाएं होंगी। इसके अलावा लगभग एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग ट्रैक, चेंजिंग रूम और आधुनिक शौचालय भी बनाए जाएंगे।
समयबद्ध और जनोपयोगी विकास पर जोर
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनहितकारी बनाया जा रहा है। अयोध्या का राज्य अतिथि गृह उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगा, जबकि रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को नई ऊर्जा देगा।
