पिथौरागढ़: जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला विकासखंड अंतर्गत व्यास घाटी में तवाघाट-आदि कैलाश मार्ग पर पहाड़ी दरकने के कारण सड़क मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो गया है। घटना के बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और कार्यदायी एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया। सड़क से मलबा और गिरे हुए पत्थरों को हटाने के लिए मशीनें लगाई गई हैं तथा मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने के प्रयास युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मार्ग पूरी तरह खुलने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अधिकारियों के अनुसार, मौसम की स्थिति को देखते हुए मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बहाली कार्य जारी है।
भूस्खलन की इस घटना के चलते आदि कैलाश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को फिलहाल असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से बहाल करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।
