ऋषिकेश में आज से अखिल भारतीय महापौर परिषद सम्मेलन, देशभर के 60 महापौर करेंगे शहरी विकास पर मंथन
Latest राजनीति राज्य

ऋषिकेश में आज से अखिल भारतीय महापौर परिषद सम्मेलन, देशभर के 60 महापौर करेंगे शहरी विकास पर मंथन

देहरादून/ऋषिकेश, 03 जून 2026। उत्तराखंड का आध्यात्मिक नगर ऋषिकेश आज से शहरी विकास के राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनने जा रहा है। यहां दो दिवसीय अखिल भारतीय महापौर परिषद सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर से करीब 60 महापौर भाग लेने के लिए पहुंच चुके हैं।

सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों और नगर निकायों के प्रतिनिधि शहरी विकास, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, स्वच्छता प्रबंधन, वित्तीय चुनौतियों और नगर निकायों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन के दौरान नगर प्रशासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होगी। शहरी क्षेत्रों में बढ़ती जनसंख्या, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सतत विकास और स्थानीय निकायों की वित्तीय सुदृढ़ता जैसे विषय प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे।

कार्यक्रम के लिए ऋषिकेश को विशेष रूप से सजाया गया है। सम्मेलन में शामिल महापौर गंगा आरती में भी सहभागिता करेंगे, जिससे उन्हें उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

सम्मेलन के तहत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण अपने पारंपरिक जागरों की प्रस्तुति देकर देशभर से आए प्रतिनिधियों को उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं से परिचित कराएंगे।

आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन विभिन्न नगर निकायों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान, सफल मॉडलों की साझेदारी और शहरी विकास की चुनौतियों के समाधान खोजने का प्रभावी मंच साबित होगा। इससे देशभर के नगर निकायों को बेहतर प्रशासन और जनसेवा के लिए नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *