राज्यपाल सम्मान से गौरवान्वित हुए पूर्व सैनिक आनंद सिंह कड़ाकोटी, कैलाश पंत ने किया अभिनंदन
Latest राज्य

राज्यपाल सम्मान से गौरवान्वित हुए पूर्व सैनिक आनंद सिंह कड़ाकोटी, कैलाश पंत ने किया अभिनंदन

भिकियासैंण। भिकियासैंण विकासखंड के पूर्व सैनिक आनंद सिंह कड़ाकोटी को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में रानीखेत में उत्तराखंड श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत ने उन्हें शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर कैलाश पंत ने कहा कि आनंद सिंह कड़ाकोटी को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा सम्मानित किया जाना पूरे क्षेत्र और पूर्व सैनिक समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सेना में सेवाकाल के दौरान तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के प्रति उनकी सेवाएं अनुकरणीय और प्रेरणादायी रही हैं।

कैलाश पंत ने कहा कि ऐसे सम्मानित व्यक्तित्व युवाओं के लिए आदर्श हैं और उनमें राष्ट्रसेवा की भावना को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा मिला यह सम्मान आनंद सिंह कड़ाकोटी की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है। इस दौरान कैलाश पंत ने उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज को उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ निरंतर मिलता रहेगा।

पूर्व सैनिक आनंद सिंह कड़ाकोटी के सम्मान से क्षेत्रवासियों और पूर्व सैनिकों में उत्साह का माहौल है तथा इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *