देहरादून। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने रविवार को जल संस्थान के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर अंकिता भंडारी के माता-पिता के घर तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। मंच के सदस्यों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पानी की सुविधा नहीं होने के कारण अंकिता के माता-पिता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंच के प्रतिनिधियों ने जल संस्थान के सचिव मनीष सेमवाल को बताया कि अंकिता भंडारी के माता-पिता बीमारी की स्थिति में भी दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर फरवरी माह में मुख्य सचिव से भी मुलाकात की गई थी, जिन्होंने घर तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
इस दौरान सचिव मनीष सेमवाल ने बताया कि विभाग की ओर से अंकिता भंडारी के माता-पिता के घर तक पानी की लाइन बिछा दी गई है। जब संघर्ष मंच के सदस्यों ने पानी की आपूर्ति नहीं होने की बात रखी तो उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि निकट स्थित जल स्रोत सूख जाने के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव ने आश्वासन दिया कि निकटवर्ती गांव के जल स्रोत से पाइपलाइन जोड़कर अंकिता भंडारी के घर के पास एक पानी का टैंक बनाया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा कर पानी की आपूर्ति शुरू करेगा।
संघर्ष मंच ने जल संस्थान के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अंकिता भंडारी के माता-पिता को शीघ्र ही इस समस्या से राहत मिलेगी।
जल संस्थान के अधिकारियों से मुलाकात करने वालों में कमला पंत, विमला कोली, उमा भट्ट, मंजू बलोदी, विजय नैथानी और ईश्वरपाल शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
