September 11, 2026
पौड़ी में 9 सितंबर से शुरू होंगी जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं, खिलाड़ियों की तैयारी को लेकर दिए निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में 9 सितंबर से शुरू होंगी जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं, खिलाड़ियों की तैयारी को लेकर दिए निर्देश

पौड़ी। सत्र 2026-27 की जनपद एवं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के चयन, पात्रता प्रमाण पत्र, क्रीड़ा शुल्क और टीमों की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मुख्य शिक्षाधिकारी ने विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक विशेष खेल की तैयारी कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों को इसकी सूचना संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी और मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं में केवल पात्र खिलाड़ियों को ही प्रतिभाग कराया जाए। सभी पात्रता प्रमाण पत्रों की अनिवार्य रूप से जांच करने और चयनित खिलाड़ियों की सूची निर्धारित समय पर जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बालिका टीमों के साथ दो महिला शिक्षिकाओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। महिला शारीरिक शिक्षिका उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अन्य विषय की महिला शिक्षिका को टीम के साथ भेजा जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के साथ खेल प्रभारी की मौजूदगी भी अनिवार्य रहेगी।

बैठक में प्रतियोगिताओं की तिथियां भी तय की गईं। जनपदीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 9 से 12 सितंबर तक दुगड्डा में आयोजित होगी। वहीं जनपदीय शीतकालीन प्रतियोगिता 3 से 6 अक्टूबर तक पौड़ी में होगी। राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के सभी बालक वर्ग 22 से 24 अक्टूबर तक जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ पौड़ी में आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य शिक्षाधिकारी ने जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण और तैयारी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अंशुल बिष्ट, जिला क्रीड़ा समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी, राजीव सिंह रावत सहित विभिन्न ब्लॉकों के क्रीड़ा समन्वयक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *