हल्द्वानी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को हल्द्वानी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दरबार आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
जनता दरबार में दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं। कैबिनेट मंत्री ने प्राप्त 700 से अधिक मामलों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों से उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में नगर आयुक्त हल्द्वानी, मुख्य विकास अधिकारी (DDO) नैनीताल, एसडीएम धारी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव, विद्युत, जल संस्थान तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने जनता दरबार की पहल को आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम बताया।
