हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित, आयुक्त दीपक रावत ने मौके से दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
Latest देश

हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित, आयुक्त दीपक रावत ने मौके से दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी। हल्द्वानी-नैनीताल सड़क मार्ग पर वल्दियाखान क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क पर अचानक चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के समय मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर ही स्थिति का जायजा लिया और जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल फोन कर सड़क से पेड़ हटाने एवं यातायात शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।

मार्ग पर फंसे यात्रियों से आयुक्त दीपक रावत ने धैर्य बनाए रखने की अपील की और उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही पेड़ हटाकर आवागमन सुचारू कर दिया जाएगा।

इस दौरान कई बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे और नीचे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने उन्हें रोकते हुए चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि आपदा या अवरोध की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और जल्दबाजी से बचें।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सड़क से पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *