चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, 25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
Latest धार्मिक/धर्म-समाचार राज्य

चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, 25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नया कीर्तिमान बनाने की ओर अग्रसर है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है।

चारधाम यात्रा में सबसे अधिक उत्साह केदारनाथ धाम को लेकर देखने को मिल रहा है। मात्र 22 दिनों में 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण प्रदेश सरकार मौसम की स्थिति पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

चारों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को हुआ था और 13 मई तक कुल 12,60,478 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ धाम में 5,23,582, बद्रीनाथ धाम में 3,24,081, गंगोत्री धाम में 2,05,425 और यमुनोत्री धाम में 2,07,390 श्रद्धालु पहुंचे हैं।

बुधवार को अकेले चारों धामों में 80,401 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें केदारनाथ में सर्वाधिक 32,423 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि बद्रीनाथ में 21,260, यमुनोत्री में 13,403 और गंगोत्री में 13,315 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

कठिन पैदल यात्रा के बावजूद केदारनाथ धाम में लगातार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री Narendra Modi के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्य और राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाए जाने के प्रयासों का असर तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या में साफ दिखाई दे रहा है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 से 2025 तक कुल 69,45,487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इनमें वर्ष 2022 में 15,64,248, वर्ष 2023 में 19,58,863, वर्ष 2024 में 16,53,581 और वर्ष 2025 में 17,68,795 तीर्थयात्री शामिल रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्लॉट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण प्रणाली और रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को प्रभावी बनाया गया है। साथ ही मौसम की निगरानी के लिए विशेष तंत्र भी तैयार किया गया है ताकि हर परिस्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *