खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और पार्क का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर वन ऑक्सीजन पार्क के लोकार्पण के साथ ही मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, खटीमा में स्टेडियम का निर्माण, क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस का निर्माण तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की। इन घोषणाओं से क्षेत्र में खेल, पर्यटन, रोजगार और स्थानीय सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। खटीमा से व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। ऐसे में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में आने वाले लोगों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

नगर वन ऑक्सीजन पार्क से मिलेगा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि शहरों में बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के बीच ऐसे हरित क्षेत्रों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। पार्क स्थानीय लोगों के लिए प्रकृति के करीब समय बिताने और स्वस्थ वातावरण प्राप्त करने का बेहतर स्थान बनेगा।
मुख्यमंत्री ने पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इसकी देखभाल और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
पर्यावरण और अर्थव्यवस्था को बताया एक-दूसरे का पूरक
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच वनों और पर्यावरण का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाए। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर भी तैयार किए जा सकेंगे। सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है।
इलेक्ट्रिक वाहनों और सौर ऊर्जा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होंगे।
सांसद अजय भट्ट ने की मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्क से स्थानीय लोगों को बेहतर और हरित वातावरण उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, डीएफओ दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
