देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड की पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा पर विस्तार से जानकारी देते हुए राज्य में हो रहे विकास कार्यों और पर्यटन क्षेत्र में हुए बदलावों को साझा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि चारधाम, पंचकेदार, पंचबदरी, पंचप्रयाग, हेमकुंड साहिब, पूर्णागिरि, जागेश्वर, आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे धार्मिक स्थलों के कारण राज्य की देश-विदेश में विशेष पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन के साथ साहसिक पर्यटन, इको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण पिछले चार वर्षों में 25 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तीर्थस्थलों का विश्वस्तरीय विकास किया जा रहा है। साथ ही सड़क, रेल और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार होने से पर्यटन और निवेश को नई गति मिल रही है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ‘राउंड द ईयर टूरिज्म’ के रूप में विकसित करने के लिए शीतकालीन यात्रा को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं और उनके माध्यम से समाज तक सही एवं सकारात्मक जानकारी पहुंचती है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ से आए पत्रकार उत्तराखंड की विकास यात्रा और पर्यटन संभावनाओं को देशभर तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के माध्यम से छत्तीसगढ़वासियों को आगामी कुंभ में देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए राज्य में हो रहे विकास कार्यों, बेहतर आधारभूत संरचना और पर्यटन क्षेत्र में हुए बदलावों की सराहना की।
