उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद में लगातार हो रही बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन के अनुसार जंगलचट्टी, सिलाई बैंड, स्यानाचट्टी और पाली जीरो प्वाइंट के पास सड़क मलबा और भूस्खलन के चलते बंद है।
संबंधित विभागों की टीमें और मशीनें मौके पर तैनात हैं तथा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रुकने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मार्ग बहाल होने के बाद ही यातायात सामान्य रूप से शुरू किया जाएगा।
