September 11, 2026
सीएम धामी ने जारी की अगस्त की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 9.91 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 147 करोड़ रुपये
Latest देहरादून न्यूज

सीएम धामी ने जारी की अगस्त की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 9.91 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 147 करोड़ रुपये

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इसके तहत प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की पेंशन धनराशि भेजी गई।

अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सरल और समयबद्ध तरीके से मिले।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित बनाते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

कुल लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं के तहत आच्छादित हैं। अगस्त माह के पेंशन भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

अगस्त माह में स्वीकृत 5,605 नई पेंशन में वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 नए लाभार्थी शामिल हैं।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितम्बर 2026 को डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

बैठक में समाज कल्याण मंत्री खजानदास सहित समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *