हरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कई महत्वपूर्ण अपीलें कीं। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालना चाहिए और स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना आवश्यक है।
उन्होंने ऊर्जा संरक्षण पर जोर देते हुए लोगों से बिजली और अन्य संसाधनों की बचत करने की अपील की। साथ ही एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने और खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल के संयमित उपयोग की भी अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से देश की आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो सकती है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित में अग्रणी रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।
