ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में शुक्रवार शाम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मां गंगा की भव्य आरती में सहभाग कर देश, प्रदेश और विश्व के कल्याण की कामना की।
गंगा तट पर आयोजित इस दिव्य आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और गंगा आरती के बीच श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। मुख्यमंत्री धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मां गंगा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की प्रार्थना की।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा हैं। उन्होंने कहा कि गंगा भारतीय सभ्यता की पहचान है और इसके संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान संत समाज ने भी गंगा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के महत्व पर अपने विचार रखे। संतों ने कहा कि गंगा भारत की आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है और इसकी निर्मलता तथा अविरलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गंगा आरती में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। गंगा तट पर दीपों की रोशनी और भक्तिमय माहौल ने आयोजन को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बना दिया।
यह आयोजन आध्यात्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और गंगा संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बना।
