पत्रकारिता दिवस पर देवभूमि पत्रकार यूनियन की संगोष्ठी, फेक न्यूज और मीडिया की विश्वसनीयता पर हुई गंभीर चर्चा
Latest राज्य

पत्रकारिता दिवस पर देवभूमि पत्रकार यूनियन की संगोष्ठी, फेक न्यूज और मीडिया की विश्वसनीयता पर हुई गंभीर चर्चा

देहरादून। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) द्वारा उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में एक भव्य एवं विचारोत्तेजक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के वरिष्ठ पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों ने सहभागिता करते हुए डिजिटल युग में पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।

इस वर्ष की संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं फेक न्यूज की चुनौती’ रहा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य, सूचना के बढ़ते प्रवाह और फेक न्यूज के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त की।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पद्मश्री सम्मानित चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. बी.के.एस. संजय ने कहा कि वर्तमान समय की पत्रकारिता काफी हद तक “फास्ट फूड” जैसी हो गई है, जहां सबसे पहले खबर दिखाने की होड़ में कई बार तथ्यपरकता और गहराई प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए तथ्यों की पुष्टि और जिम्मेदार रिपोर्टिंग अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दूसरे मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने सूचना के प्रसार को तेज किया है, लेकिन इसके साथ ही फेक न्यूज की चुनौती भी बढ़ी है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्यमंत्री अशोक वर्मा, राज्यमंत्री विनोद उनियाल तथा कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भी अपने विचार रखे। वहीं विषय विशेषज्ञों के रूप में डॉ. देवेंद्र भसीन, पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने डिजिटल मीडिया के सामाजिक प्रभावों और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में पंडित सुभाष जोशी और इंजीनियर विनोद कुमार नौटियाल ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर देवभूमि पत्रकार यूनियन द्वारा पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई विभूतियों का सम्मान भी किया गया।

सम्मानित व्यक्तियों में भारतीय किसान यूनियन (एकताशक्ति) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को अंगवस्त्र, मोतियों की माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता देवभूमि पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने किया। आयोजन में प्रदेश कोषाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष हरीश खनेड़ा, जिला महासचिव नवीन जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रजत शर्मा सहित उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *