सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वालों पर भड़के मुख्यमंत्री धामी, बोले- खून खौल उठता है
Latest राजनीति

सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वालों पर भड़के मुख्यमंत्री धामी, बोले- खून खौल उठता है

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि जब कोई भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाता है तो उनका खून खौल उठता है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में तैनात जवानों के त्याग और समर्पण का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

गढ़ी कैंट स्थित Doon Sainik Institute में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं एक सैनिक परिवार से हैं और सैनिकों के बीच आना हमेशा गर्व और आत्मीयता का अनुभव कराता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र की रक्षा करते हैं, तभी देशवासी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति को स्वीकार कर रही है, लेकिन देश में कुछ लोग सेना के साहस और पराक्रम पर सवाल उठाते हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग एसी कमरों में बैठकर सेना से सबूत मांगते हैं। यही लोग कश्मीर से धारा-370 हटने के समय खून-खराबे और अशांति की बात करते थे, जबकि आज वहां विकास, सुशासन और जनभागीदारी का नया वातावरण दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोध के चलते कुछ लोग देशहित को भी नजरअंदाज करने लगे हैं, लेकिन जनता सब समझती है और समय आने पर जवाब भी देती है।

उन्होंने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि मौसम सहित अन्य चुनौतियों के बावजूद यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है और रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हालांकि कुछ लोग रील बनाकर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग उनकी सरकार या पार्टी की आलोचना कर सकते हैं, लेकिन देश के धामों और सनातन पर प्रश्न नहीं उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *