मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में शामिल हुए सीएम धामी, नंदा राजजात और कुंभ मेले की तैयारियों का उठाया मुद्दा
Latest राजनीति राज्य

मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में शामिल हुए सीएम धामी, नंदा राजजात और कुंभ मेले की तैयारियों का उठाया मुद्दा

पुष्कर सिंह धामी ने बस्तर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में सहभागिता की। बैठक में राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय से देश के संतुलित और समग्र विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघीय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और दिव्य-भव्य कुंभ मेले की तैयारियों का विषय भी बैठक में उठाया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र और राज्यों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों के सहयोग से नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेला ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।

बैठक में आंतरिक सुरक्षा, सीमावर्ती राज्यों के बीच समन्वय, साइबर अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रयासों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *