मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात
Latest राज्य

मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात

पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित वसंत विहार पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सीधे स्वर्गीय खंडूड़ी के आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर विनम्र नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन की मजबूत नींव रखने में स्वर्गीय खंडूड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक दूरदर्शी फैसले लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने ऋतु खंडूड़ी भूषण सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *