भीमताल: उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन, भीमताल के सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए दध्रुव रौतेला ने अधिकारियों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। साथ ही, जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ध्रुव रौतेला ने जल जीवन मिशन के तहत जनपद में पेयजल विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों सहित विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने विभागीय विकास कार्यों और अभिनव प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राना, सहायक परियोजना अधिकारी चन्दा फर्त्याल सहित विद्युत विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान और अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के उपरांत ध्रुव रौतेला ने भीमताल झील परिक्षेत्र में बोगनवेलिया का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
