September 11, 2026
SIR-2026: नैनीताल में नोटिस तामिली 100% पूरी, 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी
Latest चुनाव देहरादून न्यूज

SIR-2026: नैनीताल में नोटिस तामिली 100% पूरी, 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी

Oplus_16908288

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार, 31 अगस्त को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य, नोटिस वितरण, सुनवाई और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार जनपद में कुल 6,93,325 मतदाताओं में से करीब 2,35,000 मतदाताओं से संबंधित जारी नोटिसों की तामिली 100 प्रतिशत पूरी कर ली गई है।

बैठक में बताया गया कि प्रपत्र-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों एवं दावे-आपत्तियों पर ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से कार्रवाई जारी है। विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए निदेशक, कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के आधार पर फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी प्रतिदिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा जनपद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अवलोकन के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, बीएलओ सुपरवाइजर प्रत्येक बूथ स्तरीय अधिकारी के कार्य का न्यूनतम 5 प्रतिशत सत्यापन कर रहे हैं। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन 2 प्रतिशत से अधिक है, वहां ईआरओ द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026, सुनवाई एवं निस्तारण की अंतिम तिथि 11 सितंबर 2026 तथा निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित है।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने राजनीतिक दलों से अपील की कि पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा मतदाता सूची में त्रुटि सुधार के लिए प्रपत्र-6, 7 और 8 के माध्यम से समय रहते आवेदन करें। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित की जाएगी।

बैठक में कांग्रेस, भाजपा, बसपा, आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारी ने बताया कि SIR से संबंधित प्रकरणों पर प्रत्येक सोमवार को सुबह 10 से 11 बजे तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *