राजकीय शिक्षक संघ विकासखंड दुगड्डा ने दुर्गम विद्यालयों में वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों से स्थानांतरण के आवेदन न लिए जाने और अध्यापक पोर्टल से सुगम-दुर्गम सेवा विवरण हटाए जाने का विरोध किया है।
शाखा अध्यक्ष दीपक नेगी ने बताया कि शिक्षा विभाग 15 जुलाई से स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू कर रहा है, लेकिन अनुरोध के आधार पर केवल गंभीर बीमारी, दिव्यांगता, सरकारी सेवा में पति-पत्नी, विधवा-विधुर और तलाकशुदा जैसी श्रेणियों के शिक्षकों से ही आवेदन मांगे जा रहे हैं। जबकि सुगम से दुर्गम और दुर्गम से सुगम स्थानांतरण के इच्छुक शिक्षकों को आवेदन का अवसर नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षक इस व्यवस्था से स्थानांतरण के अधिकार से वंचित हो रहे हैं। साथ ही शिक्षकों के अध्यापक पोर्टल से सुगम-दुर्गम सेवा का विवरण भी हटा दिया गया है, जिससे असंतोष बढ़ा है।
राजकीय शिक्षक संघ ने विभाग से सभी सातों श्रेणियों के शिक्षकों से स्थानांतरण आवेदन स्वीकार करने और अध्यापक पोर्टल पर पहले की तरह सुगम-दुर्गम सेवा विवरण बहाल करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सभी पात्र शिक्षकों से आवेदन नहीं लिए गए तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
