विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO
Latest राजनीति राज्य

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम, निर्धारित समय-सारिणी तथा राजनीतिक दलों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

उप निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे। इस दौरान मतदाताओं से कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे, बल्कि केवल आवश्यक जानकारी का सत्यापन एवं प्रपत्रों का वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा वितरित एन्यूमरेशन फॉर्म, फॉर्म-6 तथा घोषणा पत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भरे जाएंगे। पुनरीक्षण अभियान के दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।

एफ.आर. चौहान ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए-2 नियुक्त करने तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार करने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने मतदाताओं को अभियान की जानकारी देकर गणना प्रपत्र समय पर भरने के लिए प्रेरित करने की अपील भी की।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

उप निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अधिकाधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *