देहरादून। Ganesh Joshi ने शुक्रवार सुबह क्षेत्र भ्रमण के दौरान विजय कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विजय कॉलोनी पुल से बद्रीनाथ कॉलोनी तक बिन्दाल नदी में चेनलाइजेशन कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से कहा कि बरसात शुरू होने से पहले चेनलाइजेशन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि संभावित जलभराव और आपदा जैसी स्थितियों से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून से पहले सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाने चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विजय पेयजल कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की जल समस्या उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मंत्री ने नीलकंठ विहार, विजय कॉलोनी भाग-3 बस्ती एवं मुख्य चौराहे के आसपास रहने वाले लोगों के घरों में नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पुरुषोतम कुमार, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महामंत्री भावना चौधरी, पूर्व पार्षद सत्येन्द्र नाथ, राजेश शर्मा, डॉ. बबीता सहौत्रा, ओम प्रकाश बवाड़ी, दीपक बहुखण्डी, कुशाल सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
