उत्तराखंड में प्रसिद्ध सिख तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इस वर्ष 23 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे, जबकि 20 मई को पहला जत्था यात्रा के लिए रवाना होगा।

इस संबंध में पुष्कर सिंह धामी को यात्रा का औपचारिक न्योता दिया गया। मुख्यमंत्री आवास में ट्रस्ट अध्यक्ष के साथ हुई अहम बैठक में यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने, ठहरने और भोजन की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है।
हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचते हैं। इस बार भी प्रशासन और ट्रस्ट द्वारा बेहतर व्यवस्थाओं के साथ यात्रा को सफल बनाने की तैयारी की जा रही है।
