September 11, 2026
RBSK वाहन स्वामियों के बकाया भुगतान पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, ठेकेदार को तत्काल भुगतान के निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

RBSK वाहन स्वामियों के बकाया भुगतान पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, ठेकेदार को तत्काल भुगतान के निर्देश

नैनीताल: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत सेवाएं दे रहे वाहन स्वामियों को पिछले तीन माह से वाहन किराया नहीं मिलने के मामले में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिलने के बाद आयुक्त ने संबंधित पक्षों को तलब कर मामले की सुनवाई की और अधिकारियों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

ज्योलिकोट निवासी वाहन स्वामी मनीष कुमार ने आयुक्त, कुमाऊं मंडल को शिकायत पत्र देकर बताया कि वह वाहन संख्या UK04TB8828 के माध्यम से भीमताल टीम-2 में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा पिछले तीन माह से वाहन का मासिक किराया नहीं दिया गया, जिससे वाहन की किस्त और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने 23 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता मनीष कुमार, वाहन स्वामी हरीश चन्द्र तिवारी, संबंधित ठेकेदार तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को कार्यालय में बुलाकर सुनवाई की।

सुनवाई के दौरान पाया गया कि वाहन स्वामियों ने सत्यापित लॉक बुक पहले ही संबंधित ठेकेदार को उपलब्ध करा दी थी, इसके बावजूद अब तक मासिक किराया जारी नहीं किया गया।

आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कार्यरत सभी वाहन स्वामियों के भुगतान की तत्काल समीक्षा कर संबंधित ठेकेदार से शीघ्र भुगतान कराया जाए। यदि ठेकेदार भुगतान करने में विफल रहता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही आयुक्त ने कुमाऊं मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने जनपदों में RBSK के तहत कार्यरत वाहन स्वामियों के लंबित भुगतान की समीक्षा कर समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *