पौड़ी में आपदा प्रबंधन को मिलेगी नई मजबूती, 55 ग्राम पंचायतों को बुशकटर वितरित
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में आपदा प्रबंधन को मिलेगी नई मजबूती, 55 ग्राम पंचायतों को बुशकटर वितरित

पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक के मार्गदर्शन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत आपदा मद से खरीदे गए बुशकटर ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे बरसात के दौरान झाड़ियों की समयबद्ध सफाई कर आपदा जोखिम को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में प्रथम चरण के अंतर्गत 55 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को बुशकटर वितरित किए। उन्होंने बताया कि अन्य ग्राम पंचायतों को भी संबंधित तहसीलों के माध्यम से बुशकटर उपलब्ध कराए जाएंगे। पायलट प्रोजेक्ट के परिणाम और ग्राम प्रधानों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगामी चरणों में इस योजना का विस्तार किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान सड़कों, संपर्क मार्गों, पैदल रास्तों, सार्वजनिक स्थलों और जल निकासी मार्गों के किनारे तेजी से बढ़ने वाली झाड़ियां राहत एवं बचाव कार्यों में बाधा बनती हैं। बुशकटर के नियमित उपयोग से झाड़ियों की समय पर सफाई, सुरक्षित आवागमन, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

ग्राम प्रधानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांवों और संपर्क मार्गों की नियमित सफाई होगी, ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, जंगली जानवरों का खतरा कम होगा और आपदा संबंधी जोखिमों में भी कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *