September 12, 2026
केदारनाथ धाम में खोया 12 वर्षीय मासूम, उत्तराखंड पुलिस ने 30 मिनट में मिलवाया परिवार से
Latest प्रदेश/लोकल न्यूज़ राज्य

केदारनाथ धाम में खोया 12 वर्षीय मासूम, उत्तराखंड पुलिस ने 30 मिनट में मिलवाया परिवार से

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम में उत्तराखंड पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर परिवार की खुशियां लौट आईं। मध्य प्रदेश के सागर जिले से अपने दादा-दादी के साथ बाबा केदार के दर्शन करने आए 12 वर्षीय बालक शिवांश के परिवार से बिछड़ जाने पर पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर उसे सकुशल ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार 9 जून 2026 को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मंदिर परिसर के समीप दर्शन के बाद 12 वर्षीय शिवांश अपने बुजुर्ग दादा-दादी से बिछड़ गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई।

112 सेवा में तैनात मुख्य आरक्षी सुशील थपलियाल, आरक्षी अनुज कुमार और आरक्षी गुड्डू ने बिना समय गंवाए संभावित स्थानों पर सघन खोज अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों की सतर्कता, सूझबूझ और समर्पण का परिणाम रहा कि मात्र 30 मिनट के भीतर बालक को सुरक्षित खोज लिया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने शिवांश को उसके दादा-दादी के सुपुर्द किया। अपने पोते को सकुशल पाकर परिजन भावुक हो उठे और उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने भी पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्यवाही की सराहना की।

केदारनाथ यात्रा के दौरान पुलिस लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रही है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *