पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोट ब्लॉक के खाण्ड्यूसैण देवार क्षेत्र स्थित वाड़ी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार करीब 55 वर्षीय महिला अपने पशुओं के लिए घास लेने घर से लगभग 200 मीटर दूर खेतों की ओर गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार महिला को घसीटते हुए पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान के अंदर ले गया।
जब काफी देर तक महिला घर नहीं लौटी तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला का शव गांव के ऊपर स्थित एक निर्जन मकान के पास बरामद हुआ। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार गुलदार ने महिला के शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने या आदमखोर घोषित कर आवश्यक कार्रवाई करने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
