उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भारी बोल्डर (चट्टानों) के लगातार गिरने के कारण मार्ग खोलने का कार्य प्रभावित हो रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं और मार्ग को सुचारू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, पहाड़ी से लगातार बड़े-बड़े बोल्डर गिरने के कारण मशीनों के संचालन में बाधा आ रही है, जिससे सड़क बहाली का कार्य अपेक्षा से अधिक समय ले रहा है। कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और स्थिति सामान्य होते ही मलबा हटाने का कार्य तेज गति से किया जाएगा।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। मौसम और पहाड़ी क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
यमुनोत्री धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से भी प्रशासन ने धैर्य बनाए रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यातायात को पुनः संचालित किया जाएगा।
