रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से VIP दर्शन कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने 10 श्रद्धालुओं से प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये लेकर कुल 30,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को चौकी केदारनाथ में सूचना प्राप्त हुई कि चिराग नामक व्यक्ति एक स्थानीय व्यक्ति और होटल संचालक के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को VIP दर्शन कराने का झांसा देकर उनसे धनराशि वसूल रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को केदारनाथ धाम परिसर से हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था।
इस संबंध में कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 26/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे VIP दर्शन या अन्य सुविधाओं के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं तथा केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें।
