प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर राज्यभर में होंगे विशेष कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश
Latest राज्य

प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर राज्यभर में होंगे विशेष कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश

देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के देश के सबसे अधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड में 12 से 14 जून तक विभिन्न जनसंपर्क, जनजागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन कार्यक्रमों का आयोजन व्यापक जनसहभागिता एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि 12 से 14 जून तक प्रदेश में उपलब्धि प्रदर्शनी (अचीवमेंट एग्जीबिशन) लगाई जाए, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रदर्शित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जन कल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों एवं आम नागरिकों से संवाद किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने 12 जून को सभी जनपदों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विस्तृत और तथ्यपरक प्रस्तुतीकरण तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं तथा राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास के संकल्पों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *