रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे से हड़कंप मच गया। सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नेपाली मूल का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और यात्रा मार्ग पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। अचानक गिरे पत्थरों और मलबे ने कई दुकानों और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
गंभीर रूप से घायल नेपाली नागरिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं स्थानीय युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल बड़ा एक्शन लेते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर बनी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
