कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सरखेत आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, सुरक्षात्मक कार्य तेज करने के निर्देश
Latest राज्य

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सरखेत आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, सुरक्षात्मक कार्य तेज करने के निर्देश

देहरादून, 22 मई। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार सुबह सरखेत पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्र में चल रहे विकास एवं सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बरसात के दौरान स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और सुरक्षात्मक उपायों को मजबूत किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में जमा मलवे की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मलवा चौनेलाइजेशन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बरसात से पूर्व सुरक्षात्मक कार्यों का पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे भविष्य में संभावित आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सरखेत क्षेत्र में मलवा चौनेलाइजेशन और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए विधायक निधि से 5 से 10 लाख रुपये तक की धनराशि उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दीक्षांत गुप्ता, तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह, ग्राम प्रधान सागर पंवार, बालम सिंह, पंचम सिंह रावत, विशाल पंवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *