देहरादून/नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति पद को लेकर उत्तराखंड राजभवन ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। कुलाधिपति एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रो. दीवान सिंह रावत को कुलपति पद से मुक्त करने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
राजभवन की ओर से 31 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, प्रो. दीवान सिंह रावत ने निजी कारणों का हवाला देते हुए कुलपति पद से अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया था। उनका अनुरोध 31 अगस्त 2026 के अपराह्न से स्वीकार कर लिया गया है।
इसके साथ ही उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। प्रो. लोहनी 1 सितंबर 2026 से अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभालेंगे।

यह अतिरिक्त कार्यभार अग्रेत्तर आदेश तक अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक रहेगा। दोनों में से जो भी पहले होगा, उसी के अनुसार व्यवस्था समाप्त हो जाएगी।
राजभवन ने संबंधित अधिकारियों एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलसचिव को आदेश के अनुपालन के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
