हल्द्वानी/लालकुआं। जिलाधिकारी, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 31 अगस्त 2026 को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र एवं लालकुआं के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संग्रह अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य मिलावटी, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम करना तथा आमजन को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना रहा।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ-साथ गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री के उपयोग पर जोर दिया।
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के अंतर्गत कुल 03 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए।
अभियान के दौरान देशी घी का नमूना मैसर्स श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज, रामपुर रोड, हल्द्वानी से तथा किशमिश का नमूना मैसर्स चिरंजीवीलाल, नल बाजार, हल्द्वानी से संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान एक खाद्य कारोबारी के प्रतिष्ठान से किशमिश का विधिक नमूना लिया गया। वहीं संबंधित कंपनी एवं डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा विक्रय की जा रही किशमिश में लेबलिंग संबंधी अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक (पैकेजिंग एवं लेबलिंग) से संबंधित प्रावधानों के तहत मिसब्रांडिंग के संबंध में चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल श्री अमय कुमार सिंह द्वारा संग्रहित विधिक खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया।
लालकुआं क्षेत्र में भी चला विशेष निरीक्षण अभियान
अभियान के तहत लालकुआं क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी ग्रामीण एवं लालकुआं द्वारा कुल 07 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 01 विधिक खाद्य नमूना जांच के लिए नियमानुसार संग्रहित किया गया।
लालकुआं क्षेत्र में मैसर्स भट्ट जनरल स्टोर, हरिपुर रतनसिंह, हल्द्वानी ग्रामीण से बेसन का नमूना लिया गया। इसके अलावा विभागीय टीम द्वारा रामपुर-लालकुआं तथा सनेस मंडी, लालकुआं क्षेत्रों का भी भ्रमण और सर्वेक्षण किया गया।
संग्रहित विधिक खाद्य नमूनों एवं सर्वे नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं गुणवत्ता के प्रति किया जागरूक
निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने, उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग करने तथा कालातीत/एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने के लिए जागरूक किया।
खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित खाद्य सामग्री ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
रामनगर में भी चालानी कार्रवाई
इसके अतिरिक्त, 31 अगस्त 2026 को सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रामनगर द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में 02 खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
लगातार जारी रहेगा खाद्य सुरक्षा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के हित में जनपद नैनीताल में मिलावटी, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। विभागीय टीमों द्वारा समय-समय पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का उद्देश्य जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
