लैंसडाउन: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सेवायोजन विभाग ने गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया। शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मेले में 10 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मेले में आरएसपीएल, युवा शक्ति फाउंडेशन, सी-पेट, मारुति सुजुकी, क्वेसकॉर्प, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, कैम्प-108, वैभव ग्लोबल लिमिटेड और टीटीके टाइटन सहित कुल 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। ऑपरेटर, ट्रेनी, इंजीनियर, सेल्स एवं मार्केटिंग मैनेजर तथा फील्ड स्टाफ जैसे पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
रोजगार मेले में कुल 300 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार के बाद 18 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया, जबकि 90 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
सेवायोजन विभाग ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और नियोजकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
