September 11, 2026
कोटद्वार महाविद्यालय में उद्यमिता कार्यशाला, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
Latest देहरादून न्यूज शिक्षा

कोटद्वार महाविद्यालय में उद्यमिता कार्यशाला, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

कोटद्वार: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह ने सरकारी, निजी और स्वरोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुरूप करियर चुनने तथा स्वयं का उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यशाला में भारतीय रिजर्व बैंक के दर्शन उनियाल ने बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि भारतीय स्टेट बैंक के सौरभ बोहरा ने वित्तीय सहायता, बैंकिंग सेवाओं और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने भी सरकारी योजनाओं, उद्यम पंजीकरण और पर्यटन आधारित स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तृत जानकारी साझा की।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.एस. नेगी ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ कौशल विकास पर ध्यान देने की अपील की। कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *