कोटद्वार। दुर्गापुरी स्थित हल्दी हाथ वेडिंग प्वाइंट में मेजर जनरल (से. नि.) स्वर्गीय भुवन चंद्र खण्डूडी, एवीएसएम की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों से आए विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मनिन्दरजीत सिंह बिट्टा ने स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्व. खण्डूडी ने अपने जीवन को राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर अजय कोठियाल ने कहा कि स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने पिता से जुड़ी भावुक स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी की पुत्री होने पर गर्व और गौरव का अनुभव होता है। उनके पिता का अनुशासन, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. भुवन चंद्र खण्डूडी के योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन उनकी पुण्य स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर किया गया।
