नैनीताल, 4 जून 2026। पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने फीता काटकर तथा हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह से पहले तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर को खेल और उत्सव के रंग में रंग दिया।

शोभायात्रा में नैनीताल का गौरव बढ़ाने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट और ललित शाह को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में सम्मानपूर्वक लाया गया। माल रोड से गुजरती इस आकर्षक शोभायात्रा का नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नृत्य दल, महिला समूह और सांस्कृतिक टीमें शामिल रहीं। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
मुख्य अतिथि दीपक रावत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक दलों और छोलिया कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के 100वें संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 49 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्देश्य हॉकी खेल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
