जामलाखाल में मिशन शक्ति कार्यशाला, छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और पॉक्सो कानून की दी जानकारी
Latest देहरादून न्यूज

जामलाखाल में मिशन शक्ति कार्यशाला, छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और पॉक्सो कानून की दी जानकारी

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनता इंटर कॉलेज, जामलाखाल में मिशन शक्ति एवं वन स्टॉप सेंटर, पौड़ी गढ़वाल की ओर से एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, कानूनी अधिकारों और आपातकालीन सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए हिंसा एवं उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों को घरेलू हिंसा के विभिन्न स्वरूप, उसके दुष्प्रभाव और उससे बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह रावत, प्रवक्ता राकेश कुमार, पूजा सिलमाणा, मीरा सेमवाल, कविता परमार, नीलम कोहली, नमिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *