देहरादून। ईद उल अज़हा (बकरा ईद) की नमाज़ के बाद ईदगाह में मुस्लिम सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग उठाई। संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में प्ले कार्ड लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और पशु संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, सभ्यता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा देश के करोड़ों लोग गाय को आस्था और सम्मान की दृष्टि से देखते हैं।


उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज हमेशा से आपसी भाईचारे, इंसानियत और देश की एकता का समर्थक रहा है। आकिब कुरैशी ने सरकार से गाय संरक्षण को लेकर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्र पशु घोषित किया जाना चाहिए, ताकि उसके संरक्षण और संवर्धन को और मजबूती मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज में सकारात्मक संदेश देना और सभी समुदायों के बीच प्रेम एवं सौहार्द को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने “गाय को राष्ट्र पशु घोषित करो” जैसे संदेश लिखे प्ले कार्ड हाथों में लेकर अपनी मांग रखी।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
