चमोली के पेलंग गांव के पास जंगल में भीषण आग, ग्रामीणों और वन विभाग ने पाया काबू
Latest राज्य

चमोली के पेलंग गांव के पास जंगल में भीषण आग, ग्रामीणों और वन विभाग ने पाया काबू

चमोली। उत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से वनाग्नि की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में आग बुझाने के दौरान चमोली जिले में एक महिला की मौत का मामला भी सामने आया था।

इसी बीच चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित पेलंग गांव के पास आज सुबह जंगल में भीषण आग लगने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव के समीप चीड़ के जंगलों में लगी आग तेजी से फैलने लगी, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार आग जूनियर हाई स्कूल पेलंग के पास तक पहुंच गई थी और धधकती आग गांव से करीब 50 मीटर की दूरी तक पहुंच चुकी थी। स्थिति गंभीर होती देख ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो गांव और आसपास के क्षेत्र को बड़ा नुकसान हो सकता था।

वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है और लोगों से जंगलों में आग से बचाव को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *